कोलकाता, 27 सितंबर 2026: स्तन कैंसर की रोकथाम, प्रारंभिक अवस्था में रोग की पहचान तथा महिला स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से असिस्ट हेल्प फाउंडेशन की पहल पर आयोजित ‘पिंक 10के चैलेंज – कोलकाता’ का सफल आयोजन जी.डी. ग्राउंड, कोलकाता में किया गया।
इस जागरूकता दौड़ में विभिन्न आयु वर्ग के धावकों, फिटनेस प्रेमियों, परिवारों, समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों तथा अभियान के समर्थकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिला और पुरुष दोनों के लिए आयोजित इस 10 किलोमीटर दौड़ के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य-जागरूकता बनाए रखने तथा स्तन कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान के महत्व को रेखांकित किया गया।
दौड़ के साथ कार्यक्रम में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। धावकों, जागरूकता-दूतों, सामाजिक प्रतिनिधियों तथा विशिष्ट अतिथियों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को विशेष सार्थकता प्रदान की। विशेष रूप से महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग रहने और समय रहते आवश्यक निवारक कदम उठाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि स्तन कैंसर के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में सामूहिक सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही स्वस्थ जीवनशैली, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
असिस्ट हेल्प फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि स्वास्थ्य-जागरूकता को व्यापक स्तर तक पहुंचाने तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता का ही प्रतिफल यह पहल है।
‘पिंक 10के चैलेंज – कोलकाता’ के सफल आयोजन के साथ स्तन कैंसर की रोकथाम, शीघ्र रोग-पहचान और महिला स्वास्थ्य के प्रति व्यापक सामाजिक जागरूकता के प्रयासों को एक और महत्वपूर्ण आयाम मिला।
फोटो सौजन्य: सौमिक बनर्जी





