प्रवासी मारवाड़ी समाज को एकजुट करने तथा समस्याओं के समाधान के लिए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 16 सितंबर को होगा रवाना
कोलकाता, 31 अगस्त 2026: देशभर के मारवाड़ी समाज की राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित संस्था महा ऑल इंडिया मारवाड़ी फेडरेशन (MAIMF) एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक पहल के तहत आगामी 16 सितंबर को बांग्लादेश के दौरे पर रवाना होगी। इस यात्रा का उद्देश्य बांग्लादेश में निवासरत प्रवासी भारतीय मारवाड़ी समाज को एक सशक्त मंच पर संगठित करना तथा उनकी सामाजिक, कानूनी और व्यावसायिक समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करना है।
फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट श्री किशन किला ने बताया कि संस्था “एकता, सेवा, संस्कार और संगठन” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए निरंतर समाजहित में कार्य कर रही है। बांग्लादेश में बसे प्रवासी मारवाड़ी समाज के विशेष आग्रह पर यह उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल वहां जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान प्रवासी मारवाड़ी समाज की समस्याओं को समझने, उन्हें उचित कानूनी एवं सामाजिक परामर्श उपलब्ध कराने तथा विभिन्न स्तरों पर उनके हितों की रक्षा के लिए आवश्यक समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
दौरे के प्रमुख उद्देश्य
फेडरेशन के अनुसार प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के प्रमुख उद्देश्यों में बांग्लादेश में रहने वाले प्रवासी मारवाड़ी बंधुओं की समस्याओं के समाधान में सहयोग, उन्हें उचित कानूनी एवं सामाजिक मार्गदर्शन प्रदान करना, बिखरे हुए प्रवासी समाज को संगठित कर एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना तथा भारतीय उच्चायोग, ढाका और बांग्लादेश सरकार के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करना शामिल है।
इसके अलावा सामाजिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने तथा भारत और बांग्लादेश में बसे मारवाड़ी समाज के बीच परस्पर सहयोग की नई संभावनाओं को विकसित करने का भी प्रयास किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल
इस महत्वपूर्ण दौरे के लिए गठित उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में फेडरेशन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रमुख सदस्य शामिल होंगे। प्रतिनिधिमंडल में:
श्री अशोक कुमार धांधनिया — चेयरमैन, निःशुल्क कानूनी सलाहकार समिति एवं प्रेसिडेंट, बार एसोसिएशन, कलकत्ता हाईकोर्ट
श्री अनिल विजयवर्गीय — प्रमुख सलाहकार, MAIMF
श्री मुकेश जिंदल — संयोजक
डॉ. नम्रता कोठारी — सदस्य
श्री किशन किला — राष्ट्रीय महासचिव
श्री रतनलाल अग्रवाल — राष्ट्रीय अध्यक्ष
शामिल रहेंगे।
फेडरेशन के वरिष्ठ संस्थापक संरक्षक एवं सुप्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. जुगल किशोर सराफ ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे समाज के लिए गौरवपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह दौरा महज एक औपचारिक यात्रा नहीं, बल्कि सीमा पार बसे अपने सामाजिक स्वजनों के साथ आत्मीय संबंधों को और प्रगाढ़ करने तथा सहयोग की नई आधारभूमि तैयार करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
17 सितंबर को भारतीय उच्चायोग में मुलाकात
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिनिधिमंडल 16 सितंबर 2026 को बांग्लादेश के लिए रवाना होगा। 17 सितंबर को ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग में माननीय उच्चायुक्त से भेंट एवं महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। वहीं 18 सितंबर को बांग्लादेश में निवासरत प्रवासी मारवाड़ी समाज के साथ एक विशेष स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा।
फेडरेशन का मानना है कि यह दौरा प्रवासी मारवाड़ी समाज की समस्याओं को संस्थागत रूप से समझने और उनके समाधान की दिशा में समन्वित प्रयासों को गति देने के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक संबंधों को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।

