भारतीय चाय उद्योग के लिए एमएसपी (मिनिमम सस्टेनेबल प्राइस) पर टी बोर्ड ऑफ इंडिया की समिति की सिफारिश का चाय उद्योग संगठनों ने किया स्वागत

प्रस्तावित  एमएसपी ढाँचे का उद्देश्य बढ़ती उत्पादन लागत की समस्या का समाधान करना, चाय उत्पादकों को बेहतर मूल्य सुनिश्चित करना, छोटे चाय उत्पादकों को सहायता प्रदान करना और उद्योग की दीर्घकालिक स्थिरता को मजबूत करना है


कोलकाता, 10 नवंबर, 2026: टी बोर्ड ऑफ इंडिया द्वारा गठित 10 सदस्यीय समिति ने चाय के लिए मिनिमम सस्टेनेबल प्राइस (एमएसपी) लागू करने की सिफारिश की है। यह भारतीय चाय उद्योग में उत्पादन लागत और बाजार से प्राप्त होने वाले वास्तविक मूल्य के बीच बढ़ते अंतर को दूर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस सिफारिश का स्वागत करते हुए, इंडियन टी एसोसिएशन (ITA), टी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (TAI), यूनाइटेड प्लांटर्स एसोसिएशन ऑफ सदर्न इंडिया (UPASI), कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन स्मॉल टी ग्रोअर्स एसोसिएशंस (CISTA) और फेडरेशन ऑफ इंडियन टी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (FITMA) ने चाय उत्पादकों को उचित और लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने, लघु चाय उत्पादकों के हितों की रक्षा करने तथा इस क्षेत्र की दीर्घकालिक व्यवहार्यता बनाए रखने के लिए एक टिकाऊ मूल्य निर्धारण व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया है।
भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा चाय उत्पादक देश है और यहां प्रतिवर्ष लगभग 1,350 से 1,400 मिलियन किलोग्राम चाय का उत्पादन होता है। देश के कुल चाय उत्पादन में लघु चाय उत्पादकों की हिस्सेदारी लगभग 55 प्रतिशत है। हालांकि, चाय उद्योग लगातार बढ़ते वित्तीय दबावों का सामना कर रहा है, क्योंकि उत्पादन लागत में वृद्धि की दर चाय की बिक्री से प्राप्त होने वाले मूल्य की तुलना में काफी अधिक है। पिछले कुछ वर्षों में चाय की कीमतों में लगभग 2–3 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (सीएजीआर) दर्ज की गई है, जबकि उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों और अन्य आवश्यक संसाधनों की लागत में अनुमानित 10–14 प्रतिशत की सीएजीआर से वृद्धि हुई है। इस बढ़ते अंतर ने उत्पादकों की परिचालन गतिविधियों को जारी रखने, नए पौधे लगाने, उत्पादकता बढ़ाने और गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने की क्षमता को प्रभावित किया है।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में चाय उद्योग के पांचों संगठनों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। ये संगठन चाय मूल्य श्रृंखला के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिनमें संगठित चाय बागान, लघु चाय उत्पादक और बॉट-लीफ फैक्ट्रियां शामिल हैं। चर्चा के दौरान ऐसी मूल्य निर्धारण व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया गया, जो उद्योग के विभिन्न क्षेत्रों की अलग-अलग आर्थिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी क्षेत्रों में चाय उत्पादन की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित कर सके।
श्री सी. के. धनुका, अध्यक्ष, धुनसेरी टी एंड इंडस्ट्रीज ने कहा, “चाय उद्योग बढ़ती लागत के दबाव का सामना कर रहा है, जबकि चाय की बिक्री से प्राप्त होने वाला मूल्य अपेक्षाकृत स्थिर बना हुआ है। श्रम संहिता (वेतन संहिता) के कार्यान्वयन के बाद मजदूरी लागत में और वृद्धि होने की आशंका है, जिससे चाय उत्पादकों की वित्तीय व्यवहार्यता के समक्ष अतिरिक्त चुनौतियां उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए, उत्पादन लागत और बाजार में प्राप्त होने वाले मूल्य के बीच बढ़ते अंतर को कम करने तथा उद्योग की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए मिनिमम सस्टेनेबल प्राइस का ढांचा आवश्यक है। मिनिमम सस्टेनेबल प्राइस से प्राप्त होने वाले मूल्य को लागत के अनुरूप लाने में मदद मिलेगी, ताकि उद्योग वेतन संशोधनों को समायोजित करने, रोजगार की रक्षा करने और भारतीय चाय की प्रतिस्पर्धात्मकता बनाए रखने में सक्षम हो सके।”
एमएसपी की सिफारिश उद्योग के सामने मौजूद बुनियादी चुनौतियों को देखते हुए विशेष महत्व रखती है। चाय उत्पादन की कुल लागत में लगभग 60% हिस्सा श्रमिकों पर होने वाले खर्च का है, जिससे मजदूरी बढ़ने पर उत्पादकों पर विशेष रूप से अधिक दबाव पड़ता है। वेतन संहिता के तहत केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा न्यूनतम वेतन दरें अधिसूचित किए जाने की संभावना को देखते हुए चाय उत्पादकों की परिचालन लागत में और वृद्धि होने की आशंका है।
इन चिंताओं को दूर करने के लिए समिति ने मिनिमम सस्टेनेबल प्राइस (एमएसपी) का मानक तय करने हेतु एक संयुक्त सूचकांक बनाने की सिफारिश की है, जिसमें मजदूरी में होने वाले बदलाव और कंज़्यूमर प्राइस इंडेक्स (सीपीआई) को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही, समिति ने समय-समय पर इस मानक की समीक्षा करने का भी प्रस्ताव दिया है, ताकि मूल्य निर्धारण की व्यवस्था उत्पादन लागत और महंगाई में होने वाले बदलावों के अनुरूप बनी रहे।
चाय उद्योग के लिए एमएसपी के प्रमुख लाभ
एमएसपी होने से चाय उद्योग से जुड़ी पूरी मूल्य श्रृंखला को व्यापक लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके प्रमुख संभावित लाभ इस प्रकार हैं:
1. वेतन संहिता के तहत प्रस्तावित अधिसूचनाओं के कारण भविष्य में मजदूरी और वेतन में होने वाली बढ़ोतरी को समायोजित करने में उद्योग को मदद मिलेगी। इससे चाय बागानों के श्रमिकों और छोटे चाय उत्पादकों, दोनों को लाभ होगा।
2. चाय उद्योग की वित्तीय स्थिति और दीर्घकालिक स्थिरता में सुधार होगा, जिससे गुणवत्तापूर्ण भारतीय चाय का लगातार उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए मजबूत आधार तैयार होगा।
3. छोटे चाय उत्पादकों और पंजीकृत चाय बागानों को बेहतर और स्थिर आय प्राप्त करने में मदद मिलेगी। इससे वे अपना कारोबार जारी रखने और गुणवत्ता के मानकों का पालन करने में अधिक सक्षम होंगे।
4. हरी चाय की पत्तियों और तैयार चाय की गुणवत्ता में सुधार को बढ़ावा मिलेगा। इससे वैश्विक स्तर पर भारतीय चाय की छवि बेहतर होगी और निर्यात बाजार में उसकी प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता मजबूत होगी।
श्री सुनील सिंह सिकंद, अध्यक्ष, इंडियन टी एसोसिएशन ने कहा, एमएसपी की सिफारिश भारतीय चाय उद्योग के सामने मौजूद बुनियादी चुनौतियों से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण नीतिगत कदम है। उत्पादकों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना बेहद जरूरी है, ताकि वे अपना कारोबार जारी रख सकें, चाय बागानों में दोबारा पौधारोपण और उत्पादकता बढ़ाने में निवेश कर सकें तथा उद्योग की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित कर सकें।”
क्षेत्रीय स्थिरता और प्रतिस्पर्धा को मजबूत करना
प्रस्तावित एमएसपी ढांचे में भारत के विभिन्न चाय उत्पादक क्षेत्रों की अलग-अलग आर्थिक परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना जरूरी है। कृषि-जलवायु परिस्थितियों, उत्पादन के तरीकों, उत्पादकता के स्तर और परिचालन लागत में अंतर के कारण अलग-अलग क्षेत्रों में चाय की खेती की लागत भी अलग होती है। इसलिए, इन क्षेत्रीय अंतरों को ध्यान में रखकर मूल्य निर्धारण की व्यवस्था बनाना महत्वपूर्ण होगा, ताकि देशभर के चाय उत्पादक अपना काम जारी रख सकें और भारतीय चाय की बाजार में प्रतिस्पर्धा बनाए रख सकें।
सुश्री शैलजा मेहता, अध्यक्ष, टी एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने कहा, “प्रस्तावित मिनिमम सस्टेनेबल प्राइस(एमएसपी) ढांचा भारतीय चाय उद्योग की आर्थिक स्थिरता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वित्तीय स्थिति में सुधार से उत्पादकों को गुणवत्ता के मानकों को बनाए रखने, आधुनिकीकरण और उत्पादकता बढ़ाने में निवेश करने तथा बाजार की बदलती जरूरतों के अनुसार बेहतर ढंग से काम करने में मदद मिलेगी। यह भारतीय चाय की वैश्विक पहचान और बाजार में उसकी स्थिति को मजबूत करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा।”
एमएसपी लागू होने से चाय उत्पादकों की वित्तीय स्थिति में सुधार होने, छोटे चाय उत्पादकों और पंजीकृत चाय बागानों को बेहतर आय मिलने तथा चाय की खेती, प्रसंस्करण और गुणवत्ता में सुधार के लिए निवेश के अधिक अवसर मिलने की उम्मीद है। बेहतर वित्तीय स्थिरता से आधुनिकीकरण, उत्पादकता बढ़ाने और गुणवत्ता के मानकों को बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। इससे वैश्विक चाय बाजार में भारत की स्थिति और मजबूत होगी।
श्री संजीत आर. नायर, महासचिव, यूनाइटेड प्लांटर्स एसोसिएशन ऑफ सदर्न इंडिया (UPASI) ने कहा, “प्रस्तावित मिनिमम सस्टेनेबल प्राइस (एमएसपी) ढांचा भारत के विभिन्न चाय उत्पादक क्षेत्रों की अलग-अलग आर्थिक परिस्थितियों से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अलग-अलग क्षेत्रों में कृषि-जलवायु परिस्थितियों, उत्पादन के तरीकों और लागत में अंतर को देखते हुए यह जरूरी है कि इस ढांचे में इन भिन्नताओं को ध्यान में रखा जाए। साथ ही, भारतीय चाय की समग्र स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उसकी प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता भी बनी रहे।”
छोटे चाय उत्पादकों और पूरे उद्योग को सहायता
प्रस्तावित एमएसपी ढांचा छोटे चाय उत्पादकों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जिनका भारत के कुल चाय उत्पादन में लगभग 55% योगदान है। छोटे उत्पादक ताजी तोड़ी गई हरी चाय की पत्तियों (ग्रीन लीफ) से मिलने वाले मूल्य पर निर्भर रहते हैं, जबकि बॉट-लीफ फैक्ट्रियां (BLFs) इन पत्तियों को खरीदकर उनसे तैयार चाय बनाती हैं और बाजार में बेचती हैं।
जब तैयार चाय की बिक्री से मिलने वाली कीमत इतनी नहीं होती कि उससे प्रसंस्करण की लागत पूरी हो सके और पत्तियों की खरीद के लिए उचित मूल्य दिया जा सके, तो फैक्ट्रियों पर छोटे उत्पादकों को दी जाने वाली कीमत कम रखने का दबाव बढ़ता है। इसका असर पूरी आपूर्ति श्रृंखला पर पड़ता है। एक अच्छी तरह से तैयार की गई एमएसपी व्यवस्था इस असंतुलन को दूर करने में मदद कर सकती है। इससे हरी चाय की पत्तियों के लिए उचित और टिकाऊ मूल्य सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। साथ ही, छोटे चाय उत्पादकों, बॉट-लीफ फैक्ट्रियों और संगठित चाय बागानों की अलग-अलग लागत और आर्थिक परिस्थितियों को भी ध्यान में रखा जा सकेगा।
श्री बिजॉय गोपाल चक्रवर्ती, अध्यक्ष, कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन स्मॉल टी ग्रोअर्स एसोसिएशंस (CISTA) ने कहा, “छोटे चाय उत्पादक भारतीय चाय उद्योग का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और देश के कुल चाय उत्पादन में उनका बड़ा योगदान है। उनकी आर्थिक स्थिति सीधे तौर पर हरी चाय की पत्तियों से मिलने वाले मूल्य पर निर्भर करती है। सही तरीके से तैयार की गई मिनिमम सस्टेनेबल प्राइस (एमएसपी) व्यवस्था से छोटे चाय उत्पादकों को बेहतर और स्थिर आय सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इससे उनकी आजीविका सुरक्षित रहेगी और इस महत्वपूर्ण क्षेत्र के सतत विकास को बढ़ावा मिलेगा।”
बॉट-लीफ फैक्ट्रियां इस व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ये छोटे चाय उत्पादकों को बाजार तक पहुंच प्रदान करती हैं और हरी चाय की पत्तियों से तैयार चाय बनाती हैं। इनकी वित्तीय स्थिरता हरी पत्तियों की खरीद कीमत, प्रसंस्करण लागत और तैयार चाय की बिक्री से मिलने वाले मूल्य के बीच संतुलन पर निर्भर करती है। इसलिए, चाय की पूरी मूल्य श्रृंखला में स्थिरता बनाए रखने के लिए इन फैक्ट्रियों का सुचारू रूप से संचालन भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
श्री देवन सिंह, अध्यक्ष, फेडरेशन ऑफ इंडियन टी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (FITMA) ने कहा, “बॉट-लीफ फैक्ट्रियां (BLFs) चाय की मूल्य श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ये छोटे चाय उत्पादकों को बाजार तक पहुंच प्रदान करती हैं और हरी चाय की पत्तियों से तैयार चाय बनाती हैं। इनकी वित्तीय स्थिरता हरी पत्तियों की खरीद कीमत, प्रसंस्करण लागत और तैयार चाय की बिक्री से मिलने वाले मूल्य के बीच संतुलन पर निर्भर करती है। इसलिए, प्रस्तावित मिनिमम सस्टेनेबल प्राइस (एमएसपी) ढांचे में बॉट-लीफ फैक्ट्रियों की परिचालन लागत और आर्थिक परिस्थितियों को भी उचित महत्व दिया जाना चाहिए, ताकि पूरी मूल्य श्रृंखला से जुड़े सभी पक्षों को उचित लाभ मिल सके।”
समिति की सिफारिशों से चाय उत्पादकों के सामने मौजूद बुनियादी चुनौतियों से निपटने और इस क्षेत्र की आर्थिक स्थिरता को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण नीतिगत आधार तैयार होने की उम्मीद है।
उद्योग से जुड़े संगठनों को उम्मीद है कि भारत सरकार का वाणिज्य मंत्रालय समिति की सिफारिशों पर सकारात्मक विचार करेगा और जल्द से जल्द चाय के लिए मिनिमम सस्टेनेबल प्राइस (एमएसपी) अधिसूचित करेगा।
आर्थिक रूप से मजबूत और टिकाऊ चाय उद्योग न केवल गुणवत्तापूर्ण भारतीय चाय का लगातार उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए, बल्कि इस क्षेत्र पर निर्भर लाखों लोगों की आजीविका सुरक्षित रखने और वैश्विक चाय बाजार में भारत की स्थिति मजबूत करने के लिए भी आवश्यक है।

तस्वीर का परिचय (बाएँ से दाएँ)

1. श्री बिजॉय गोपाल चक्रवर्ती – अध्यक्ष, भारतीय लघु चाय उत्पादक संघ (CISTA)।
2. देबेन सिंह – अध्यक्ष, भारतीय चाय निर्माता महासंघ (FITMA)।
3. प्रबीर कुमार भट्टाचार्य – महासचिव, टी एसोसिएशन ऑफ इंडिया।
4. श्री अरिजीत राहा – महासचिव, इंडियन टी एसोसिएशन (ITA)।
5. श्री सी. के. धनुका – अध्यक्ष, धुनेरी टी एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड।
6. श्री सुनील सिंह सिकंद – अध्यक्ष, इंडियन टी एसोसिएशन (ITA)।
7. श्री हेमंत बंगुर – इंडियन टी एसोसिएशन और टी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष।
8. सुश्री शैलजा मेहता – अध्यक्ष, टी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (TAI)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *